संस्कार

मुझे नही करनी शादी वादी। आप लोग समझते क्यों  नहीं। मेरे सपने है मैं पढ़ना चाहती हूँ, अपने पैरों पर खडी होना चाहती हूँ, शादी की कौन सी जल्दी है। अदिति जोर से लगभग चिल्लाते हुए बोली।

मत करना, लेकिन कोई आ रहा है तो उसको मना कैसे कर दें। देख लो नही पसंद आया तो ना करना। हम कौन सा जबरदस्ती करवा रहे है मेरी प्यारी सी परी की शादी। वैसे किसी मेहमान का अपमान करना अच्छी बात नहीं है ना। अदिति के पापा ने प्यार से बोलते हुए कहा।

ठीक है आ जाऊंगी कल कॉलेज से जल्दी। अदिति बोली।

जल्दी, मतलब, कल नहीं जा रही हो तुम। ब्यूटी पार्लर जाना है, तैयार होना है, और तुमको कॉलेज की लगी है। माँ कितने गुस्से मे बोली थी।

अरे अरे। मिलने को हाँ क्या कह दिया आप तो दुल्हन बनाने लग गई। मैं कही नहीं जाने वाली। जिसको देखना है ऐसे देखे नहीं तो वापस जाये। अदिति बोलते हुए अपने कमरे मे चली गई थी।

सुना अपने, क्या बोल रही है। क्या हो गया है आज के बच्चों को, संस्कार ही खत्म हो गये है। मां ने पापा को सुनाते हुए बोला था।

अरे कोई नहीं वैसे भी हमारी गुड़िया किसी परी से कम नही। क्या करेगी पार्लर जाकर। कभी गुलाब कोई मेकअप करता है क्या। हाँ तुम जरूर चली जाना। तुम्हारी उम्र ज्यादा दिख रही है। राहुल ने अदिति की मम्मी को छेड़ते हुए कहा और सब कितना हँस रहे थे।

क्या कहा, उम्र ज्यादा, सच बताओ, रहने दो अदिति से पूछती हूँ। मम्मी काम करने लगी और पापा जोर से हँस दिये थे।

अगले दिन आदित्य और अदिति एक दुसरे को देखते ही रह गये। और जब आदित्य की मम्मी ने बोला की हमे बेटी चाहिये और इसके सारे सपने हमारे है और सब पूरे होंगे तो अदिति मना नहीं कर पाई और पहली नज़र का प्यार परवान चढ़ा और शादी मे बदल गया था।

और शादी के 3 साल पूरे होने वाले है। अदिती के सारे सपने पूरे हो रहे थे। इतना प्यार करने वाला पति जिसने उसके हर सपने को पूरा किया। अदिति का MBBS भी पूरा होने वाला था और जल्दी ही वो अपने सारे सपने साकार देखने वाली थी।

ये सब सोच कर अदिति मुस्कुरा ही रही थी की आदित्य ने उसे पीछे से पकड़ लिया और वो अचानक भूत काल से निकल कर वर्तमान मे आ गई।

छोड़ो मुझे, क्या हर वक्त प्यार प्यार। पागल हो गये हो तुम। अदिति ने झूठा गुस्से का नाटक करते हुए बोला।

मेरी महरानी साहिबा, आपको नहीं प्यार करुँगा तो किसको करूंगा। आप ही तो इस घर की, इस दिल की महारानी हो। मेरी जिन्दगी, मेरी जान, कहकर फिर गले लगाने लगा।

अच्छा जी बड़ा प्यार आ रहा है आज क्या बात है।

आज तो बड़ी खुशी का दिन है। इतनी सारी खुशखबरी एक साथ। मज़ा आ गया आज तो पार्टी हो जाये। तैयार हो जाओ। आज हम चार दिन के हनीमून पर जा रहे है। आदित्य ने उछलते हुए बोला।

हनीमून!! सच मे पागल हो गये हो मिस्टर। हमारी शादी को 3 साल होने वाले है और अब फिर हनीमून। ना रे ना। अदिति ने हँसते हुए कहा।

अरे बाबा इतनी सारी खुशखबरी लाया हूँ तो ये तो बनता है। आदित्य ने कहा।

हम भी तो सुने ऐसा क्या हो गया कि फिर से हनीमून जाएंगे साहब। अदिति ने पूछा।

चार खुशखबरी एक साथ लाया हूँ। आदित्य बोला।

चार!! सुनाओ सुनाओ क्या है। अदिति भी बच्चों की तरह करने लगी।

तीन सालो मे इन दोनो का प्यार जरा सा भी कम नही हुआ था बल्कि नित प्रतिदिन अमरबेल की तरह बढ़ रहा था।

पहले वादा करो हर खुशखबरी के बदले 1 दिन का हनीमून।

ओके बाबा लेकिन पहले बताओ तब फैसला होगा।

अच्छा जी महारानी साहिबा। तो सुनिये। पहला आज के दिन मुझे पहला प्यार हुए तीन साल हो गये। आदित्य ने हँसते हुए बोला।

पहला प्यार। कौन थी वो। बताओ। अदिति ने गुस्से से कहा।

मेरी जान तुम। आज ही के दिन मै तुमको देखने आया था। और तुमसे प्यार हो गया।

औह। शैतान ड़र गई मैं तो। हाँ तुमको देखते ही मुझे भी हो गया था पहला प्यार।

तो एक दिन पक्का। आदित्य ने छेड़ते हुए बोला।

अच्छा वो बाद मे, पहले सारी बातें बताओ।

दूसरा मेरा पर्मोशन हो गया। अब मै रीजनल मैनेजर हो गया।

वहा मुबारक हो पतिदेव। मज़ा आ गया।

तो पक्का ना। आदित्य ने आंख से इशारा करते हुए फिर पूछा

अरे सारी बात बताओ तब सोचेंगे। अदिति ने शर्माते हुए बोला।

ओके महरानी जी। तीसरी खुशखबरी, तुम्हरा MBBS  का रिजल्ट आ गया। टॉप......।

सच। सच। अदिति आदित्य के गले लग गई, सच बोल रहे हो ना। बोलो।

हाँ सच मे मेरी रानी। और चौथी सुनते ही तुम सामान पैक कर लोगी। आदित्य ने उसे अपनी बाहों मे जोर से दबाते हुए बोला।

अब और क्या ऐसा।

तुम्हरा अगले हफ्ते इंटरव्यू है। आदित्य ने जैसे कहा अदिति खुशी से नाच उठी। हाँ, जरूर चलेंगे। जो तुम कहोगे वो ही होगा। लव यू लव यू कहते हुए वो और जोर से गले लग गई। आंखो मे खुशी से आंसू आ गये। थैंक यू मेरे प्यारे पतिदेव।

तुम रो रही हो। आदित्य ने पूछा।

नहीं यार। खुशी के आंसू है। मैं मम्मी पापा सबको बता कर आती हूँ। तुम खाना ओर्डर कर दो आज पार्टी होगी। और हाँ सामान भी पैक करना है। मैं आई अभी। अदिति किसी चिड़िया की तरह चहक उठी। आदित्य उसे प्यार से देखते ही जा रहा था। शायद वो आज पहली बार इतना खुश देख रहा था अदिति को।

लेकिन मै बहुत दुखी भी हूँ। आदित्य बोला।

क्यू क्या हुआ। अदिति भागती हुई आदित्य के पास आई।

अब मे रीजनल मैनेजर हूँ तो महिने मे काफी दिन बहार रहना होगा। तुम्हारे बिना मै नहीं रह पाऊंगा मेरी जान। मैं मना कर देता हूँ नई पोस्ट के लिये। आदित्य उदास होता हुआ बोला।

पागल हो, क्या हुआ हम कौन सा दूर है। हम दोनो एक ही है तुम मना मत करना। हमारा अच्छा भविष्य सामने हाथ फैला कर खड़ा है और तुम उसको ठुकराना चाहते हो। ऐसा ना करना। मेरा प्यार तुम्हारी ताकत होना चाहिये जैसे तुम्हरा प्यार मेरे लिये है, कमजोरी नहीं। अदिति ने समझाते हुए बोला।

लेकिन जान तुम्हारे बिना महिने मे 10-15 दिन। नहीं हो पायेगा। आदित्य ने कहा।

होगा और जरूर होगा। समझे। और चलना है या नहीं? या हनीमून का इरादा बदल दूँ? अदिति ने चिढ़ाते हुए कहा।

अरे नहीं नहीं। चलो जल्दी करो पैकिंग। मैं खाना मँगवा लेता हूँ। लव यू जान।

लव यू टू मेरे प्यारे से पतिदेव।

समय बीतता गया। अदिति को अच्छी नौकरी मिल गई दोनों इतने खुश की पांच साल बाद भी उनका प्यार अमरलता की बेल की तरह बढ़ता जा रहा था। अदिति अपने मम्मी पापा की भले ही लाड़ली थी लेकिन इतने अच्छे संस्कारो मे पली थी कि हर क्षेत्र मे उसको सफलता मिलती जा रही थी। आदित्य भी बिजी रहने लगा और 15 दिन कब 20 दिन कब 40 दिन हो गये पता ही नही चला। अदिति अब आदित्य से मिलने को तरसती रह जाती और आदित्य उसको, ज्यादा काम की बात कहकर मना लेता था।



लेकिन एक दिन अचानक....

अदिति को मीटिंग के लिये अपने दो सहकर्मियों के साथ लखनऊ, में एक नये बनते अस्पताल के काम से जाना पड़ा जो कि 280 किलोमिटर दूर था, वहां जाते ही अदिति की जिन्दगी ने ऐसा मोड़ लिया जिसकी कल्पना उसने कल्पना मे भी नहीं की होगी। उनको वहाँ दो दिन रुकना था और हॉस्पीटल के नये शाखा के कुछ काम निपटाने थे, तो हॉस्पिटल की तरफ से उनके रहने का इन्तज़ाम किया था। अगले दिन वहाँ के डायरेक्टर ने सबको अपने यहाँ डिनर पर बुलाया। शाम 8 बजे अदिति सबके उनके घर पहुंची और पार्किंग मे आते ही अदिति ने कुछ ऐसा देखा कि उसकी आंखे फटी रह गई।

गार्ड भैया, ये गाड़ी किसकी है, यहां कैसे, कब से। अदिति ने लगभग आपा खोते हुए पूछा।

मैडम जी ये आदित्य सर की है, कोई डेढ़ साल पहले से यहां अपनी पत्नी रेखा के साथ रहते है। गार्ड ने बताया।

क्या, पत्नी के साथ, क्या कह रहे हो। अदिति ने बैचैन होते हुए मोबाइल मे फोटो दिखा कर पूछा। ये आदित्य साहब ये तो नहहीं है ना? उसकी आवाज में एक डर था, एक टूटन थी।

हाँ मैडम जी यही हैं। बड़े सीधे शरीफ इन्सान हैं और इनकी पत्नी के साथ तो इनकी जोड़ी बहुत अच्छी लगती है, बहुत सुन्दर। गार्ड के ये शब्द अदिति के कानो मे पिघले हुए शीशे की तरह लग रहे थे और उसका संतुलन बिगडा तो उसकी कलीग रचना ने उसको संभाला।

क्या हुआ अदिति, तुम ठीक हो ना।

नहीं, हाँ, कुछ नहीं। अदिति कुछ बोलना चाह रही थी लेकिन जुबान साथ नहीं दे रही थी। लेकिन उसने अपने आप को बड़ी मुश्किल से संभाला तभी उनके सर की गाड़ी भी आ गई और लगभग रोते हुए मन से अदिति उनके साथ जा पाई। उसका मन अजीब से ड़र से सुबक रहा था। और बड़े अनमने मन से लगभग बिना कुछ खाए वो सहकर्मियो के साथ वापस आ गई। बाहर निकलते ही उसने आदित्य को फ़ोन किया।

हल्लौ।

हाय जान, कैसी हो, कहाँ हो, क्या कर रही हो। स्वीट मैं इस हफ्ते भी नहीं आ पाऊंगा। मीटिंग के लिये मुंबई में हूँ और यहां का काम अभी 1 हफ्ते है। आदित्य बोला जा रहा था।

तुम मुंबई में हो, तुम्हारी गाड़ी कहाँ है। अदिति ने पूछा।

गाड़ी से ही आया हूँ यार।

अच्छा सच्ची। अदिति ने पूछा।

अरे हाँ यार। मैं क्यों तुमसे झूठ बोलने लगा। पगली। आदित्य ने हँसते हुए बोला।

अच्छा सच बताओ ना। अदिति ने फिर पूछा। शायद आदित्य सच बोल दे।

अरे बाबा सच, क्या हुआ है तुमको, ऐसे क्यू पूछ रही हो। बोलो ना मुम्बई में हूँ, रानी साहिबा।

ये रानी साहिबा, जान मत बोलो मुझे, झूठ का प्यार क्यों दिखाना जब कुछ हो ही न और सुनो मैं लखनऊ आई हूँ, हॉस्पिटल के काम से। यहाँ हर्ष अपार्टमेंट मे आई थी डायरेक्टर साहब का घर है, वहां तुम्हारी गाड़ी, तुम्हारा फ्लैट, तुम्हारी बीवी सब देखा। क्या है ये, कौन सा काम जिसके लिये दो-दो महिने घर नही आते, कौन सी बीवी है ये। और तुम तो मुंबई मे हो ना गाड़ी के साथ तो ये यहां कैसे? अदिति गुस्से मे बोलती जा रही थी।

अरे सुनो, ऐसा नहीं है, मैं बताता हूँ आकर, कल ही आता हूँ। आदित्य बोला।

नहीं मैं आ जाती हूँ तुम्हारे फ्लैट मे अभी रुको, क्यो बुलाओगे नहीं अपनी रानी को अपने दूसरे घर, अपनी दूसरी वाली से मिलवाओगे नही क्या। अदिति ने गुस्से मे बोला।

रुको, मैं कल ही घर आता हूँ, सुनो तो सही।

नहीं आना, बिल्कुल नहीं आना। मैं जा रही हूँ घर से। और हाँ मेरे सामने मत आ जाना कभी। फोन काट कर अदिति ने काम से अवकाश लिया, और अपने मम्मी पापा के यहां चली गई।

बेटी को आया देख कर खुश मम्मी और पापा की सारी खुशी हवा मे उड़ गई जब अदिति ने उनको आदित्य की सारी बात बताई।

क्या कह रही हो, ऐसा नहीं हो सकता। पापा और मम्मी ने एक साथ बोला।

सच पापा, मैं खुद देख कर आई हूँ। मेरे विश्वास को तोड़ा है आदित्य ने मेरे प्यार को अपमानित किया है, मेरे को धोखा दिया है।

बेटा मैं बात करता हूँ आदित्य से। पापा ने बोला।

नहीं पापा किसी को कोई बात नहीं करनी। बात करके होगा क्या, उसने किसी और से शादी कर ली है या साथ रह रहा है। मुझे उससे कुछ नहीं लेना देना। आपको मेरी कसम आप बात नही करोगे। आप ही बताओ ऐसा होने में बाद क्या मैं उसके साथ रह पाऊंगी? क्या टूटा विश्वास जुड़ जाएगा? क्या वो अपनी दूसरी पत्नी या जो भी हो को छोड़ देगा? उस लड़की को भी नहीं बताया होगा न कि वो शादीशुदा है। उसने मुझे ही नहीं उसको भी धोखा दिया होगा।

ठीक है बेटा, जैसा तू कहेगी वैसा ही होगा। तो समझदार है। लेकिन एक बार बात तो कर ले।

क्यों पापा? क्या ऐसा मैं करती या किसी के साथ रहती तो आदित्य मुझे स्वीकार कर लेता? क्या वो बात करता? इसलिए सिर्फ की मैं लड़की हूँ इसलिए मुझे बात करनी चाहिए?

नहीं बेटा, आज तक मैंने तुझे अपना बेटा ही कहा है और तू वही है मेरे लिए। हम तेरे साथ हैं हमेशा। मम्मी पापा ने अदिति को संभाला।

लेकिन ये सारी बातें अदिति की बुआ ने सुन ली। उनका घर मे बहुत मान सम्मान था। कोई उनके आगे बोलता नहीं था। सुनते ही बुआ ने हाय तौबा मचा दी।

अरे फूट गई किस्मत, क्या कर दिया तूने अदिति, घर नही संभाल पाई। बोला था पढ़ाई लिखाई ना करवाओ, घर को संभालना सिखाओ, और पढा लो। फूट गई रे किस्मत। और क्या क्या बोले जा रही थी।

अदिति का रो रो कर बुरा हाल था। ऊपर से ये बातें।

पापा मै अब वहां नहीं  जाऊंगी और मुझे उसकी शक्ल नहीं देखनी।

हाँ बेटा, ठीक है, तेरा ही घर है, तेरे सिवा हमारा है भी कौन। तुम जो फैसला लोगी वो सही होगा।

सही होगा मतलब और चढ़ा लो सर पर, कल के कल इसको छोड़ कर आओ और दामाद जी से माफी मांगो। घर नहीं संभाल पाई और आ गई मै नहीं जाऊंगी कहने वाली। कल को बोलेगी तलाक ले लूँगी। हमारे यहाँ ये सब नहीं होता न हुआ न होगा। कल जाकर जमाई बाबू से माफी मांग लो दोनो बाप बेटी। पति के घर से अर्थी ही उठती है समझी ये ही संस्कार हैं।

पापा ने बुआ को समझना चाहा तो बुआ और भड़क गई।

अपनी बेटी को संस्कार देने चाहिए घर चलाने के, और पढ़ा लो डॉक्टर बना लो। पति को नही संभाल पा रही नौकरी करनी है। बुआजी बोलते ही जा रही थी। पड़ोस की महिलाएं भी ये ही बात करने लगे।

अदिति रोते हुए सोच रही थी कि उसने कौन सा असंस्कारी काम कर दिया, धोखा आदित्य ने दिया, घर को उसने तोड़ा, और माफी भी मैं मांगू क्यों? ये ही सवाल उसने बुआ जी से पूछ लिया वो फिर से शुरू हो गई, पाँच साल हुए बच्चा नही हुआ, तुम में ही कमी होगी, तभी उसने दूसरी शादी कर ली।

बुआ जी रोज ये ही बातें सुनाती थी और पड़ोस की बुजुर्ग महिलाये उनका साथ देती रोज शाम को मेला लगता था।

आखिर एक दिन अदिति का धैर्य जवाब दे गया, उसने जोर से कहा आप सब मेरा साथ दे ना दें, मैं अपने आपको संभाल लूँगी। आज अभी एक वकील से मीटिंग है, मैंने तलाक के पेपर बनवा दिए है। और आप सबको कोई परेशानी हो तो मैं चली जाउंगी। लेकिन आज के बाद मुझे इस बारे में कोई बात नहीं करनी है और न सुननी है। और हां आज से मैं असंस्कारी हूँ तो हूँ। ऐसे संस्कार का क्या करना जो पति की गलती के लिए पत्नी को जिम्मेदार ठहराएं।

अच्छा बुआ जी एक बात बताओ- मैं अगर किसी और के साथ रहती या आपकी बहु रहने लगे तो क्या आप जाकर उससे माफ़ी मांगोगी या उसको स्वीकार कर लोगी। अब क्यों चुप हो गई आप? बोलो स्वीकार कर लोगी तो मैं आज ही जाती हूँ माफी मांगने। ये क्या बात हुई लड़के ने नाजायज काम किया तो लड़की की गलती। लड़की करे तो भी लड़की की। वाह क्या संस्कार है रीति रिवाज हैं। भाड़ में जाये ऐसे संस्कार।

ये कहकर वो वकील के पास चली गई। उसका टूटा दिल रो रहा था लेकिन वो उस धोखे को नहीं सह पा रही थी जो आदित्य दो साल से या पता नहीं कब से उसको दे रहा था। लेकिन उसने फैसला किया कि इस बात से वो अपनी जिंदगी को रोकेगी नही बल्कि नए सफर पर निकलेगी।

जल्दी ही अदिति उस बन्धन से कानूनी रूप से बाहर आ गई। अब उसने अपना सारा ध्यान अपने कैरियर पर लगा लिया। दिन रात वो सिर्फ काम काम मे लगी रहती। मम्मी पापा को उसकी बहुत चिंता होती। कैसे गुजरेगा उसका जीवन।

एक दिन, अदिति आज गुनगुना रही है, माँ ने ये देखा तो उनको बहुत अच्छा लगा। शाम को डॉ रमेश घर आये, अपनी 6 साल की बेटी सुहाना के साथ। बहुत प्यारी बच्ची थी। वो आते ही अदिति से चुपक गई। उसकी माँ का देहांत 4 साल पहले हो गया था। वो प्यारी सी मासूम बच्ची अदिति से ऐसे चुपकी जैसे उसको छोड़ जाने का कोई विचार ही न हो। उधर बाहर, डॉ साहब अदिति के पिताजी से अदिति का हाथ मांग रहे थे और अंदर अदिति मुस्कुरा कर उनकी बातें सुनते हुए सुहाना के साथ खेल रही थी। बरसों बाद अदिति के दिल पर किसी ने दस्तक दी थी। आज घर में सब खुश थे। अदिति की जिंदगी फिर से रोशन हो गई। सुहाना को माँ मिल गई और अदिति को नई जिंदगी।

Comments

Popular posts from this blog

अरमानों पर पानी है 290

रिश्ते

खिलता नही हैं